- यह घोटाला प्रतिदिन हजारों रुपये का बताया गया
- मेरठ-हर्रा-खिवाई मार्ग और मुरानगर-मोदीनगर-सिवाया मार्ग समेत कई रूट शामिल
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सेवा के अंतर्गत संचालित होने वाली सीएनजी बसों के रूट में कटौती करके घोटाला किया जा रहा है। इसमें मेरठ-हर्रा-खिवाई मार्ग और मुरानगर-मोदीनगर-सिवाया मार्ग समेत कई रूट शामिल बताए गए हैं। यह घोटाला प्रतिदिन हजारों रुपये का बताया गया है। बताया गया है कि सीएनजी बसों के संचालन के लिए श्यामा-श्याम कंपनी को अधीकृत किया गया है। सीएनजी बसों के मेंटीनेंस और संचालन के लिए प्रति किमी की दर से 19.71 रुपये का भुगतान किया जाता है। औसतन 88 बसों के प्रतिदिन प्रति बस 180 किमी कुल 15840 किमी संचालन की एवज में कंपनी को सीधे-सीधे तीन लाख 12 हजार रुपये प्रतिदिन मिल जाता है।
महीने में 93 लाख रुपये से अधिक हासिल करने वाली कंपनी की ओर से बसों को चलाने के लिए चालक दिए जाते हैं। इके अलावा बसों का मेंटीनेंस करना होता है। बसों के मेंटीनेंस की स्थिति किसी से छुपी नहीं है। बसों की खस्ता हालत मेंटीनेंस की वास्तविकता उजागर कर रही है। लेकिन इसमें भी एक बड़ा घोटाला यह किया रहा है कि कुछ मार्गों पर रूट में कटौती की जा रही है। जबकि भुगतान पूरे रूट का लिया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार इसमें मेरठ से वाया सरधना होकर हर्रा खिवाई मोड़ और मोदीनगर से मोदीपुरम होकर सिवाया तक के रूट प्रमुख हैं। जिसमें प्रतिदिन प्रति फेरा 15-20 किमी कम बस चलाने के बावजूद पूरे किमी दर्ज कर लिए जाते हैं।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों में जीपीएस के साथ-साथ उसमें लगे कैमरा की मदद से भी यह आसानी से पता लगाया जा सकता है कि बस कहां से कहां तक कितने किमी चलाई गई है। जबकि सीएनजी बसों में जीपीएस छोड़िए, किलोमीटर बताने वाले स्पीड मीटर तक नहीं लगे हुए हैं। ऐसी स्थिति में कंपनी की ओर से जितने किलोमीटर बता दिए जाते हैं, उन्हीं को विभाग की ओर से स्वीकार कर लिया जाता है। इसके लिए बस परिचालक के स्तर से वेरिफिकेशन ही पर्याप्त मान लिया जाता है।
मेरठ और गोरखपुर के बीच चलेंगी आठ बसें
भैंसाली डिपो से आनंद विहार होते हुए गोरखपुर तक परिवहन निगम की आठ बसें संचालित की जाएंगी। इसके लिए मुख्यालय से अनुमति प्रदान हो गई है। एआरएम मेरठ डिपो समीना अंजुम ने बताया कि आठ बसों में से प्रतिदिन चार बसें मेरठ और आनंद विहार से तथा चार बसें गोरखपुर के फेरे लगाएंगी। यह बसें मेरठ से सुबह छह, आठ बजे, नौ और साढ़े नौ बजे रवाना होंगी। आनंद विहार से गोरखपुर के लिए प्रस्थान का समय सुबह 7:40 बजे, 9:40 बजे, 11 बजे तथा 11:50 बजे रहेगा। वहीं गोरखपुर से बसों का संचालन सुबह सात बजे, आठ बजे, नौ बजे और साढ़े नौ बजे किया जाएगा।

