जनवाणी संवाददाता |
नीन्दडू: धामपुर नूरपुर मार्ग पर गन्ने से ओवर लोड ट्रक की चपेट में आकर एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक घटना स्थल से फरार हो गया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने युवक को घायल अवस्था में सीएचसी धामपुर भिजवाया जहाँ पर चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया।
धामपुर के गांव मोहड़ा निवासी 25 वर्षीय गौरव कुमार पुत्र ऋषिपाल सिंह नूरपुर किसी काम से जा रहा था। जैसे ही वह गांव सरकथल माधो के समीप हनुमान आश्रम के पास पहुँचा तो नूरपुर दिशा से आ रहे गन्ने से भरे ओवर लोड ट्रक ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया।
इससे बाइक सवार गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर ट्रक चालक घटना स्थल से फरार हो गया तथा राहगीरों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल गौरव को सीएचसी धामपुर पहुँचाया जहाँ पर चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। गौरव की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया।

