जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर : फर्जी कागज बनाकर अपराधियों की जमानत लेने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह द्वारा चलाए जा रहे अभियान के अन्तर्गत प्रभारी निरीक्षक थाना सिविल लाईन ओमप्रकाश सिंह के कुशल नेतृत्व में थाना सिविल लाईन पुलिस द्वारा फर्जी कागजात बनाकर मा0न्यायालय से जेल में निरुद्ध अभियुक्तों की जमानत लेने वाले एक आरोपी को मुखबिर की सूचना पर भोपा पुल के नीचे से गिरफ्तार किया गया । पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नौशाद उर्फ गंजा पुत्र सुलेमान निवासी सुजडू रोड, खालापार थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर बताया।
आरोपी ने बताया कि वह अपना नाम-पता बदलकर फर्जी कागजात बनाकर मा0 न्यायालय के समक्ष फर्जी जामिनान पेश कर जेल में निरुद्ध अभियुक्तगण की जमानत कराता है। उसके द्वारा माननीय न्यायालय के समक्ष अपना नाम सलीम पुत्र अमीर अहमद निवासी निर्धना थाना चरथावल, मुजफ्फरनगर बताकर तथा अपने फर्जी व कूटरचित दस्तावेज तैयार कराकर मु0अ0स0-359/23 धारा-379,411,420 भादवि में अभियुक्त फिरोज पुत्र नासिर खान निवासी तल्हेडी चुंगी कस्बा व थाना देवबंद जनपद सहारनपुर की जमानत करायी गयी थी। थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के अन्य साथी फरार है जिनकी थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा गहनता से तलाश की जा रही है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमा दर्ज हैं।

