- ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर गुरुवार सुबह साकनीधार के समीप हुआ हादसा
जनवाणी संवाददाता |
ऋषिकेश : ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर स्विफ्ट कार को टो कर ला रही क्रेन के ब्रेक फेल हो गए, जिससे क्रेन कार सहित गहरी खाई में जा गिरी। क्रेन तथा कार में दो-दो लोग सवार थे, दुर्घटना में चारों लोग घायल हो गए। एसडीआरएफ व पुलिस टीम ने त्वरित रेस्क्यू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना गुरुवार प्रातः करीब 8:00 की है। ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर एक स्विफ्ट कार खराब हो गई थी, जिसे एक क्रेन की मदद से टो कर ऋषिकेश लाया जा रहा था। साकनीधार के समीप ढलान पर अचानक क्रेन के ब्रेक फेल हो गए, जिससे क्रेन कार सहित करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना पाकर व्यासी स्थित एसडीआरएफ पोस्ट से उप निरीक्षक नीरज चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस तथा नागरिकों की मदद से खाई में उतरकर घायलों को किसी तरह बाहर निकाल। दो युवक स्विफ्ट कर में फंसे थे, जबकि एक व्यक्ति क्रेन के भीतर फंसा हुआ था। क्रेन सवार एक व्यक्ति को पुलिस तथा स्थानीय नागरिक पहले ही बाहर निकल चुके थे। सभी घायलों को देवप्रयाग राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। एसडीआरएफ के निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि घायलों में स्विफ्ट कार सवार परविंदर सिंह (20 वर्ष) पुत्र किशन सिंह व गुरजीत सिंह (31 वर्ष) पुत्र गुरु चरण सिंह दोनों निवासी मोहाली पंजाब तथा क्रेन चालक जॉनी (31 वर्ष) पुत्र प्रीतम सिंह व संजय (31 वर्ष) दोनों निवासी श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल शामिल हैं।
चट्टान पर अटकी थी स्विफ्ट कार
एसडीआरएफ की टीम जब रेस्क्यू के लिए खाई में उतरी तो चट्टान पर अटकी स्विफ्ट कार को देखकर टीम हैरान रह गई। करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद स्विफ्ट कार एक चट्टान पर अटक गई थी। कार के भीतर दो लोग सवार थे। यह कार कभी भी चट्टान से खिसक कर और नीचे गहरी खाई में गिर सकती थी। ऐसे में एसडीआरएफ के बचाव दल ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सबसे पहले स्विफ्ट कार में फंसे दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। क्रेन के भीतर भी एक व्यक्ति बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकला गया।

