- यात्रा के दौरान अपराधियों पर रखे सख्त नजर: पुलिस महानिदेशक
- समीक्षा के बाद काली पलटन मंदिर पहुंचे मुख्य सचिव और डीजीपी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह व पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने कहा है कि शासन प्रशासन सुगम व सुरक्षित कांवड़ यात्रा के लिए कृत संकल्प है। उन्होंने निर्देशित किया कि अपराधियों पर नजर रखी जाए। समीक्षा बैठक के उपरांत दोनोें बडेÞ अधिकारी काली पलटन बाबा औघडनाथव मंदिर पहुंचे। उन्होंने बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर कांवड़ से संबंधित सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों के अधिकारियों द्वारा वर्चुअल माध्यम से कांवड़ यात्रा कार्रवाई से अवगत कराया गया। बैठक में पीपीटी के माध्यम से कांवड़ यात्रा के संबंध में आने वाली चुनौतियो एवं उनसे निपटने के लिए की गई तैयारियों से मुख्य सचिव व डीजीपी को अवगत कराया।
कांवड़ियों से रखे अच्छा व्यवहार
मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कांवड़ियों के प्रति अच्छा व्यवहार रखने पर जोर दिया। कांवड़ियों की सुरक्षा तथा उनको सुविधाएं देना प्रशासन का काम है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये। कांवड़ शिविरों तथा कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाये। कांवड़ यात्रा को पूर्ण रूप से प्लास्टिक फ्री किया जाये। घाटों की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग करा ली जाये। सम्पूर्ण कांवड़ यात्रा की हेलीकॉप्टर से निगरानी एवं पूर्व के वर्षों की भांति श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की जायेगी।
अस्थायी विद्युत कनेक्शनों से रोशन होंगे शिविर
24 घंटे विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग तथा बिजली सुरक्षा के लिए टीम का गठन किया गया है। कांवड़ शिविरों को अस्थाई विद्युत कनेक्शन दिये जाने की व्यवस्था की गई है। मंडल में एंटीवेनम की पर्याप्त उपलब्धता है। शिविरों में मेडिकल कैम्प की व्यवस्था की जायेगी। कांवड़ शिविर में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिये गये हैं। खाद्य एवं आबकारी विभाग को चेकिंग करने तथा परिवहन विभाग को डग्गामार वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं। आवारा पशुओं के लिए टीम गठित कर दी गयी है तथा निराश्रित गोवंशों के लिए गोशालाएं तैयार है।
कांवड़ शिविरों के भोजन की हों जांच
कांवड़ शिविरों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच का प्रबंध किया जाये ताकि फूड प्वाइजनिंग जैसी घटनाएं न हो। शिविर के आसपास साफ-सफाई की व्यवस्था की जाये। कांवड़ियों के लिए पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा आदि की समुचित व्यवस्था रहे। वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाये। कोई भी घटना होने पर त्वरित कार्रवाई की जाये।
वाट्सऐप ग्रुप से बनाए समन्वय
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पड़ोसी राज्यों से समन्वय बनाते हुये कार्रवाई की जाये, वाट्सऐप ग्रुप बनाकर सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डीजे कांवड़ की ऊंचाई अधिक न हो। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग की जाये। नहरों पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग की जाये। आपराधिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाये तथा कोई भी मामला संज्ञान में आने पर तत्काल कार्रवाई की जाये।
कमिश्नर ने दी कामों की जानकारी
मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे. ने मुख्य सचिव को बताया कि कांवड़ मार्ग में पड़ने वाली सड़कों को गड्डा मुक्त किया जा रहा है। बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए जनपद में रोड मैप तैयार किया गया है।
कांवड़ मार्ग और आसपास की सड़कें हों गड्ढामुक्त
मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई को कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली सड़कों को गड्डा मुक्त व विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी को विद्युत तार एवं खंभों को दुरुस्त करने के निर्देश के साथ कहा है कि कांवड़ियों के ठहरने एवं उनके आराम के लिए उचित स्थान की व्यवस्था की जाये, यह स्थान सड़क के बिल्कुल पास नहीं होना चाहिए। समान प्रकृति की दुर्घटनाओं को चिन्हित कर यह सुनिश्चित कर लिया जाये कि ऐसी दुर्घटनाओ की पुनर्रावृत्ति न हों। चिकित्सा शिविरों में एंटीवेनम सुनिश्चित की जाये।

