- मेडिकल में रोजाना पहुंच रहे 250 मरीज इनमें 80 से 90 है बच्चों की संख्या
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: बरसात का मौसम शुरू होते ही बीमारियां भी बढ़ने लगी है। इनमें सबसे ज्यादा डायरिया के मरीज सामने आ रहे हैं। वहीं, डायरिया का सबसे ज्यादा शिकार बच्चे हो रहे हैं। मेडिकल में ही रोजाना डायरिया के करीब 250 मरीज पहुंच रहे हैं। बारिश के मौसम में होने वाले जलभराव व उससे फैलने वाली गंदगी से डायरिया फैलने लगा है। ऐसे में उल्टी-दस्त से ग्रसित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अकेले मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में ही रोजाना बड़ी संख्या में उल्टी-दस्त (डायरिया) के मरीजो की भीड़ लगने लगी है। इनमें भी सबसे ज्यादा बच्चे है जो डायरिया से ग्रसित है। मेडिकल के डाक्टरों के मुताबिक डायरिया के मरीजों की संख्या करीब 250 है।
जिनमें से 80 से 90 बच्चे हैं। इनमें से पांच से आठ बच्चों को मेडिकल के बच्चा वार्ड में भर्ती कराना पड़ रहा है। वहीं, इनमें भी पांच साल से कम उम्र के बच्चों की संख्या सबसे ज्यादा है। डायरिया से बचने के लिए ताजा भोजन करें और जितना हो सके खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचे, खाना खाने से पहले हाथों को अच्छी तरह धोना जरूरी है। बरसात के मौसम में पानी भी उबाल कर पीने से डायरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचा जा सकता है। डायरिया का प्रमुख कारण गंदगी है, गंदगी में ही मक्खियां पैदा होती है जो आसानी से डायरिया के वायरस को इंसानों तक पहुंचाती है। जितना संभव हो साफ-सफाई का ध्यान रखें।
मानसून का आगाज, बाजारों में छाये छाते व रेनकोट
मेरठ: मानसून का आगाज हो चुका है। बारिश से बचने के लिये बाजार में एक से बढ़कर एक रंगारंग व स्टाइलिश रेनकोट, प्लास्टिक लोअर टी-शर्ट सूट व एक से एक छतरी बाजार में उपलब्ध है। बाजार में इस बार बच्चों के लिए जहां कार्टून करेक्टर वाली रेनकोट व छतरी आई है। वहीं, युवाओं के लिए फोटो प्रिंट, फ्लोरल, रिवर्सबल रेनकोट काफी आकर्षक लग रहे हैं। शहर के मुख्य बाजारों में शुमार नई सड़क, सदर, आबूलेन, लालकुर्ती में रेनकोट, लोअर टी-शर्ट सेट व छतरियों के विक्रेताओं ने बताया कि मानसून आते ही बिक्री में तेजी आई है। हर आयु वर्ग के लिए रेनकोट व कोट पेंट सेट उपलब्ध है।
बच्चों के लिए इस बार छोटा भीम, मोटू पतलू, स्पाइडर-मैन, यूनिकॉर्न, बैटमैन आदि प्रिंट के रेनकोट व छाते आये हैं। वहीं युवाओं के लिए एलिगेंट कलर्स में जिसमें नेवी ब्लू, ग्रीन, पिंक, ग्रे, ब्लैक में फ्लोरल प्रिंट की डिमांड है। इसमें चैन, बटन व चिट रेनकोट की रेंज आयी है। छतरियों में भी अलग-अलग तरीके के डिजाइन काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। जिसमें बार्बी, फ्लोरल प्रिंट, हट हाउस, ग्रीनरी आदि डिजाइन ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं। दुकानदार अमित बताते हैं कि रेनकोट और छतरियों में वैरायटी आई हुई है। क्वालिटी के हिसाब से इनके दाम हैं। मीडियम क्वालिटी से लेकर ब्रांडेड रेनकोट तक बाजार में उपलब्ध है।
23 से नौचंदी एक्सप्रेस वाया कानपुर की जाएगी संचालित
मेरठ: मेरठ से लखनऊ के बीच राज्यरानी एक्सप्रेस और सहारनपुर से वाया मेरठ व वाया लखनऊ होकर इलाहाबाद नौचंदी एक्सप्रेस को संचालित किया जाता है। इन ट्रेनों से मेरठ से रोजाना सैंकड़ों यात्री सफर करते हैं। शाहजहांपुर और रोजा रेलवे स्टेशन के यार्ड में रीमॉडलिंग का कार्य किया जाना है। उक्त कार्य के चलते प्रयागराज से सहारनपुर जाने वाली 14241 नौचंदी एक्सप्रेस को रेलवे ने पहले 22 जुलाई से चार अगस्त तक रद्द करने का ऐलान किया था। जबकि सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली 14242 नौचंदी एक्सप्रेस को 23 जुलाई से पांच अगस्त तक रद्द करने का ऐलान किया था।
इसके साथ ही लखनऊ से मेरठ आने वाली 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस को 31 जुलाई से पांच अगस्त तक तथा मेरठ से लखनऊ जाने वाली 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस को एक अगस्त से छह अगस्त तक रद्द करने का ऐलान किया था। यह खबर रेलवे द्वारा प्रसारित करने से जिन यात्रियों ने उक्त तिथियों में इन ट्रेनों से सफर करने का मन बना रखा था, वे परेशान हो गए। लोगों ने इन ट्रेनों के दूसरे रूट से चलाने की मांग की। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत वाजपेई ने रेलवे के उच्च अधिकारियों से बात करके उक्त ट्रेनों को दूसरे रूट से भेजने का आग्रह किया था। इसके बाद रेलवे ने अपने आदेश में संशोधन किया।
प्रयागराज से सहारनपुर जाने वाली 14241 नौचंदी एक्सप्रेस 23 जुलाई से चार अगस्त तक रद्द करने के बजाए इस ट्रेन को अब लखनऊ, वाया कानपुर खुर्जा, हापुड़ रूट पर संचालित करने का ऐलान किया। इसी तरह सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली 14242 नौचंदी एक्सप्रेस 23 जुलाई से चार अगस्त तक रद्द करने के बजाए इसे हापुड़, खुर्जा, कानपुर से लखनऊ तक संचालित करने का ऐलान किया है। रेलवे ने 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस अब 31 जुलाई पांच अगस्त के बजाए दो से पांच अगस्त तक रद्द करने का ऐलान किया है। इसी तरह 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस एक से छह अगस्त के बजाए अब तीन से छह अगस्त तक रदद करने का ऐलान किया है।

