- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से जारी की गई सूची, जिले में बनाए 36 केंद्र
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची जारी कर दी गई है। जिले में 36 विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। पांच दिन होने वाली परीक्षा में करीब 1.74 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। हर दिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। जिला माध्यमिक शिक्षा और पुलिस विभाग परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ है।
भर्ती बोर्ड की ओर से आरक्षी नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती 2023 की लिखित परीक्षा का आयोजन 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से 36 कॉलेजो को केंद्र बनाया गया है, इनमें 34 केंद्र शहरी और दो केंद्र देहात क्षेत्र (जानी और मुंडाली) के है।
परीक्षा के नोडल अधिकारी व पुलिस अधीक्षक यातायात राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि पांच दिन होने वाली परीक्षा हर दिन दो पालियों में होगी। उन्होंने बताया कि प्रथम पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और द्वितीय पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में 17,400 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पांचों दिन 1 लाख 74 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि परीक्षा को लेकर पूरी तरह से सख्ती बरती जा रही है। अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ तुरंत ही एक्शन लिया जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से करीब डेढ़ घंटे पहले प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों की पूरी तरह से तलाशी लेने के बाद ही उन्हें एंट्री दी जाएगी।
इस तरह रखी जाएगी पैनी नजर
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए 36 सेक्टर और 36 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है। इसके अलावा हर केंद्र पर पुलिस बल तैनात रहेगा। बायोमेट्रिक, फ्रिस्किंग, चेकिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। आॅडियो रिकॉर्डर वाले सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। अभ्यर्थी को किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक घडी या डिवाइस, फोन आदि साथ ले जाने की अनुमति नहीं रहेगी।

