- कोषागार से सख्त सुरक्षा घेरे में पहुंचाए जाएंगे परीक्षा केंद्रों तक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: इसी साल फरवरी माह में पेपर लीक के दाग के चलते पुलिस भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्रों की हिफाजत के लिए चाक चौबंद सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। संगीनों के साए में कोषागार में प्रश्न पत्रों की सुरक्षा का इंतजाम है। इसके अलावा कोषागार से परीक्षा केंद्र तक प्रश्न पत्रों को पहुंचाने के लिए भी बेहद कडेÞ सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। डीएम व एसएसपी सरीखे अधिकारी सुरक्षा इंतजामों की लगातार अपडेट ले रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के प्रश्न पत्रों की सुरक्षा चाकचौबंद रहेगी। इसके लिए मजबूत सुरक्षा खाका तैयार किया गया है।
अफसरों की मानें तो परीक्षा वाले दिन कोषागार से परीक्षा केंद्र तक प्रश्न पत्र सुरक्षा घेरे में रहेंगे। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इस बार सुरक्षित के कुछ अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। एकतरह से ट्रिपल लेयर सुरक्षा तैयार की गई है। कोषागार में डबल लॉक में प्रश्न पत्र रखे जाएंगे। यहां डबल गारद लगाई गई है। यहां की पूरी व्यवस्था मुख्य कोषागार अधिकारी के अलावा, प्रशासनिक अफसर की तरफ से एडीएम और पुलिस अफसर की तरफ से एडीशनल एसपी संभालेंगे। यहां जो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, वह जिले के कंट्रोल रूम, कोषागार के कंट्रोल रूम के अलावा लखनऊ से भी अटैच किए गए हैं। इस लिहाज से लखनऊ भी प्रश्न पत्रों की निगरानी करेगा। सेक्टर मजिस्ट्रेट ही इन प्रश्न पत्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएंगे।
परीक्षा केंद्र पर भी स्ट्रांग रूम तैयार कराए गए हैं, उनमें यह रखे जाएंगे। यह स्ट्रांग रूम भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा। परीक्षार्थियों की मौजूदगी में ही प्रश्न पत्र खोले जाएंगे और फिर उनका वितरण होगा। वहीं, इस संबंध में परीक्षा इंतजामों के नोडल अधिकारी/एसपी टैÑफिक राघवेन्द्र मिश्रा ने बताया कि प्रश्न पत्रों की सुरक्षा चाक चौबंद रहेगी। कोषागार से परीक्षा केंद्र तक प्रश्न पत्रों को पहुंचाने की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर भी स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में प्रश्न पत्र खोले जाएंगे।
परीक्षा केंद्र पर भी चाक चौबंद इंतजाम
सुरक्षा के मामले में प्रशासन जरा भी ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। अतिरिक्त सुरक्षा के दृष्टिगत परीक्षा केंद्र पर भी केंद्र व्यवस्थापक के अलावा प्रशासन की ओर से स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पुलिस की ओर से डिप्टी एसपी या एसएचओ मौजूद रहकर पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए रखेंगे।

