- सर्वखाप पंचायत में सर्वसम्मति के साथ लिया गया निर्णय
- औद्योगिक पुलिस चौकी पर धरने पर बैठेंगे किसान
जनवाणी ब्यूरो |
बड़ौत: कृषि आंदोलन को अब किसानों ने तेज करने का खाका तैयार कर लिया है। दिल्ली के सिंघु बॉर्डर की तर्ज पर अब बागपत में भी हाईवे को अनिश्चितकालीन बंद करने का निर्णय पंचायत में ले डाला है।
दरअसल, देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह के आवास पर सर्वखाप की एक पंचायत आहूत हुई जिसमें देशखाप, थांबा, चौबीसी, दांगड, दांगी, चौगामा, राणा आदि खापों के चौधरी शामिल हुए। इस पंचायत में कृशि आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया।
सर्वसम्मति के साथ फैसला लिया गया किया सिंघु बॉर्डर पर बैठे किसानों के धरने की तर्ज पर बागपत में भी अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ौत के औद्योगिक पुलिस चौकी पर यह धरना 19 दिसंबर को 12 बजे से शुरू कर दिया जाएगा।
यह धरना उस समय तक जारी रहेगा जबतक इस आंदोलन का परिणाम नहीं निकल जाता। पंचायत में किसानों से आहवान किया गया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस बंद में पहुंचे। पंचायत में यह भी निर्णय लिया गया कि अब हम दिल्ली नहीं जाएंगे, हम अपना आंदोलन यही बैठकर करेंगे, लेकिन जो निर्णय दिल्ली में आंदोलनरत किसान लेंगे, हम उनके साथ हैं।
इस दौरान देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह, 16 थांबा चौधरी जयपाल सिंह, थांबा चौधरी यशपाल सिंह, बजजोर सिंह, आशुतोस, चौबीसी चौधरी सुभाष सिंह, नाहर सिंह, इकबाल सिंह, विराज सिंह, अशोक सिंह, अमित तोमर, देवेंद्र चौहान, बोबी बावली आदि मौजूद रहे।

