- बाल-बाल बचा, पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद सहित पांच के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: रोहटा रोड पर कार सवार पांच युवकों ने ठेकेदार की गाड़ी पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में ठेकेदार व उसका साथी गोली लगने से बाल-बाल बच गया। फायरिंग के बाद आरोपियों ने पीड़ितों के साथ मारपीट की। वहीं, उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ भी की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद सहित पांच के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया। पुलिस मामले की जांच में लग गई है।
रोहटा थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि उसने एक मिट्टी भराव का काम ले रखा है। पीड़ित के अनुसार जब्बार पुत्र बूंदा नाम का युवक कई दिनों से एक लाख रुपये रंगदारी मांग रहा था। रंगदारी नहीं देने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित अपने साथी रिंकू के साथ शाम के समय लखवाया से वापस घर लौट रहा था। इसी बीच पीड़ित रात के समय शोभापुर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज के सामने पहुंचा। जहां पीछे से आई कार सवार पांच युवकों ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी को रोक लिया।
इसी बीच आरोपियों ने उसके ऊपर फायरिंग कर दी। गोली गाड़ी के शीशे को पार करते हुए निकल गई। जिसके बाद आरोपियों ने पीड़ितों को गाड़ी से बाहर खींचकर जमकर पीटा। वहीं, पीड़ितों की स्कॉर्पियो गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ भी की। गाड़ी के सारे शीशे टूट गए। पीड़ितों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। पीड़ितों की सूचना पर डायल 112 व चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ठेकेदार की तैयारी पर पुलिस ने जब्बार, आसिफ पुत्र ताज मोहम्मद निवासी मुरलीपुर व कुलदीप सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में लग गई है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर दिया गया है आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम काम कर रही है।
फायरिंग के आरोपी पक्ष ने जताया विरोध
दौराला: लोईया गांव में दो दिन पहले बाइक तेज चलाने को लेकर हुई मारपीट, पथराव व जिला पंचायत सदस्य अरुणा के पति प्रताप पर की गई फायरिंग के मामले में पुलिस ने आरोपी पक्ष के कुछ रिश्तेदारों को थाने लाकर पूछताछ की। लोईया गांव में आहद को गांव निवासी विनय और कुलदीप ने बाइक तेज चलाने से टोक दिया, जिस पर मारपीट हुई और आहद व विनय घायल हो गए। दोनों पक्षों के आमने सामने आ जाने पर मारपीट व पथराव हुआ। जिला पंचायत सदस्य अरुणा के पति प्रताप बीच बचाव में पहुंचे
तो बाइक सवार बिलाल व उमर ने मौके पर पहुंचकर उन पर अवैध पिस्टल से फायरिंग की थी, जिस पर कुलदीप व प्रताप ने पिस्टल छीन ली थी। इस मामले में पुलिस आरोपी पक्ष के कुछ रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए थाने लेकर आई। जानकारी मिलने पर आरोपी पक्ष के परिजन थाने पहुंचे और रिश्तेदारों को थाने लाने पर विरोध जताया और हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया और वापस भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ की जा रही है।
धारदार हथियार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला
दौराला: कैली गांव में नाली के विवाद में महिला अनिता की पड़ोसियों से कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद पड़ोसियों ने धारदार हथियार व लाठी डंडों से अनिता व उसके परिवार पर हमला बोल दिया। जिसमें दो महिलाओं समेत चार घायल हो गए। पुलिस ने सभी को सीएचसी में भर्ती कराया। अनिता के पति सुंदर ने बताया कि पड़ोसी गंदे पानी की निकासी के लिए बनाई गई नाली में र्इंट लगा देते हैं, जिस कारण गंदा पानी उनके घर के आगे इकट्ठा हो जाता है। इसको लेकर वह कई बार पड़ोसियों का विरोध जता चुके हैं।
रविवार को भी पड़ोसियों ने र्इंट लगाकर गंदा पानी रोक दिया, जिसका अनिता ने विरोध किया। विरोध करने पर पड़ोसी धारदार हथियार व लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और परिवार के लोगों पर हमला बोल दिया। हमले में अनिता गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि, सुंदर, फूलरास, रामकली को भी चोटे आई। थाने पहुंचे घायलों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी और तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पिटाई से टेलर मास्टर की तबीयत बिगड़ी, मुकदमा
मेरठ: देहलीगेट थाना के कोटला इलाके में माममली सी बात को एक शख्स द्वारा मारपीट किए जाने से एक टेलर मास्टर की तबीयत बिगड़ गई वह बेहोश हो गए। घटना की सूचना देहलीगेट पुलिस को सुहेल पुत्र अहसान निवासी बुढ़ानागेट ने दी। उसने बताया कि उसके पिता अहसान की कोटला बाजार में पीर के समीप टेलरिंग शॉप है। उनकी दुकन के ऊपर किराएदार रहते हैं। दुकान के सामने अजु कुरैशी पुत्र सरताज। ऊपर से किसी ने चप्पल गिरा दी जो अजु कुरैशी को जा लगी। वह गाली-गलौज करने लगा। इसका उसके पिता ने विरोध किया तो मारपीट पर उतर आया। सिर में घूसा मारकर उसके पिता को बेहोश कर दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

