- शैक्षिक कैलेंडर के मुताबिक 30 सितंबर तक यूजी प्रवेश प्रक्रिया करनी थी पूरी
- रजिस्ट्रेशन की गति धीमी, जल्द कराए पंजीयन जल्द बंद हो सकता है पोर्टल
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोविड-19 की वजह से इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया और शैक्षिक कार्य एक साथ चलने वाला है। यूजी और पीजी कोर्स में जिस तरह से पंजीयन की स्थिति है, उसे देखते हुए अक्टूबर तक विवि की प्रवेश प्रक्रिया चल सकती है।
शासन की ओर से जारी किए गए शैक्षिक कैलेंडर के मुताबिक 30 सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर एक अक्टूबर से विवि व कॉलेजों में नया सत्र शुरु होना था, लेकिन कोराना संक्रमण की वजह से अटकी फाइनल ईयर परीक्षाओं ने भी प्रवेश प्रक्रिया की रफ्तार को धीमा कर दिया है।
ऐसे में अब प्रवेश प्रक्रिया में देरी होना निश्चित है। वहीं विवि जल्द रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को बंद कर सकता है। विवि प्रवेश प्रक्रिया के लिए तीन मेरिट जारी करेगा,जिसके अनुसार छात्र-छात्राएं कॉलेजों में प्रवेश ले सकेंगे।
बता दें कि सीसीएसयू से संबंधित मेरठ व सहारनपुर मंडल के नौ जिलों में एडेड- राजकीय और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में सबसे अधिक पंजीयन बीए, बीकॉम और बीएएसी में हुए है।
इन कोर्सो में सीटों की बात करे तो बीए की एडेड-राजकीय कॉलेजों में 22 हजार और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में 54 हजार से ज्यादा सीटें है।
बीकॉम में एडेड-राजकीय कॉलेजों में 4600 और सेल्फ फाइनेंस में 22000 ज्यादा सीटें है। सीसीएसयू परिक्षेत्र में नौ जिलों में इस बार बारहवीं में दो लाख 30 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं पास हुए है।
मंगलवार सुबह तक रजिस्ट्रेशन का आकड़ा 1 लाख 25 हजार से अधिक पहुंच गया है। देखा जाए तो इस वर्ष पंजीयन की गति धीमी होनी की वजह से गत वर्षो के मुकाबले अधिक सीटें खाली रह सकती है।
छात्र www.ccsuniversity.ac.in पर जाकर अपना पंजीयन करा सकते है। इस पर जाकर उन्हें सबसे पहले एक विडियो दिखेगा। जिस पर क्लिक कर छात्र फार्म भरने की प्रक्रिया को जान सकते है। मोबाइल से फार्म भरा जा सकता है।

