जनवाणी संवाददाता |
मुंडाली: जिसौरा में बीती रात मेडिकल स्टोर बंद कर बाइक से घर लौट रहे युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घंटों बाद घटना का पता चला तो परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रक्तरंजित शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मुंडाली थानाक्षेत्र का जिसौरा निवासी माहिर गांव में ही डाक्टरी और मेडिकल स्टोर करता था। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे वह स्टोर बंद कर पल्सर बाइक से गांव में छोईया पार अपने घर लौट रहा था। रास्ते के सूनसान इलाके में उसके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। देररात उधर से गुजरे बाइक सवार ने पल्सर के नीचे खून से लथपथ शव दबा देख कुछ दूर दुकान पर बैठे लोगों को बताया ग्रामींण मौके पर पहुंचे। मृतक के चाचा यासीन ने शव की पहचान अपने भतीजे माहिर के रूप में की। पुलिस और परिजनों को सूचना दे दी गई। हत्या की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। रात लगभग 1:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के भाई रिजवान ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या की तहरीर दी है। खबर लिखे जाने तक शव मोर्चरी पर था।
माहिर की हत्या को लेकर गांव में असमंजस्य है। ग्रामींणों का कहना है कि तहसीन के परिवार की फिलहाल न तो किसी से रंजिश है और न विवाद। ऐसे में माहिर की हत्या क्यों और किस मंशा से की गई इसको लेकर हरकोई हैरत में है। माहिर की शादी तीन वर्ष पूर्व महविश के साथ हुई। उसके दो मासूम बेटियां हैं। माहिर चार भाईयों में तीसरे नंबर का था। उसके तीन बहनें हैं। पिता की मौत हो चुकी है। माहिर की हत्या पर मां नाजरीन, बहनों और पत्नी महविश का रो-रोकर बुरा हाल है।

