नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भारत ने कप्तान शुभमन गिल के शतक की बदौलत पांच विकेट पर 310 रन बना लिए हैं। गिल 114 रन पर नाबाद हैं, जबकि उनके साथ रविंद्र जडेजा 41 रन पर टिके हुए हैं।
यह शुभमन गिल का इंग्लैंड दौरे पर लगातार दूसरा टेस्ट शतक है। इससे पहले उन्होंने लीड्स टेस्ट में 147 रन की पारी खेली थी। इस शतक के साथ शुभमन 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (तीनों फॉर्मेट) में चार शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं।
शुभमन गिल का शानदार फॉर्म जारी
गिल ने इस साल फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में 112 रन और बांग्लादेश के खिलाफ 101 रन नाबाद बनाए थे। बर्मिंघम टेस्ट का यह शतक उनके जबरदस्त फॉर्म का सबूत है।
उनके बाद वेस्टइंडीज के कीसी कार्टी और इंग्लैंड के बेन डकेट इस साल तीन-तीन शतक के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
पहले दिन का मैच सारांश
टॉस जीतकर इंग्लैंड ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत की शुरुआत कमजोर रही और केएल राहुल सिर्फ 2 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद यशस्वी जायसवाल और करुण नायर ने पारी को संभाला।
जायसवाल ने शानदार 87 रन (107 गेंद) बनाए। वहीं, करुण नायर ने 31 रन का योगदान दिया। ऋषभ पंत, जो पिछले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगा चुके हैं, इस बार 25 रन पर आउट हुए। नितीश रेड्डी सिर्फ 1 रन बनाकर चलते बने। गिल ने इसके बाद रविंद्र जडेजा के साथ छठे विकेट के लिए नाबाद 99 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
इंग्लैंड के गेंदबाजों का प्रदर्शन
क्रिस वोक्स ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। बेन स्टोक्स, ब्रायडन कार्स और शोएब बशीर को 1-1 सफलता मिली।
जारी है मुकाबला, क्या गिल दोहरा शतक जड़ पाएंगे?
दूसरे दिन सभी की निगाहें शुभमन गिल पर होंगी, जो अपने करियर का पहला दोहरा शतक लगाने के करीब हैं।

