जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: श्रीराम कॉलेज ऑफ लॉ के बीएएलएलबी सप्तम सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों में छात्राओं का बोलबाला रहा। कॉलेज की होनहार छात्राओं ने शीर्ष तीन स्थानों पर कब्जा जमाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस क्रम में बांसुरी ने 69 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम, हिमानी पाल ने 67.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा निसिका कश्यप ने 66.6 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बांसुरी ने अपनी सफलता का श्रेय विभाग के प्रवक्ताओं, माता-पिता और कॉलेज के शैक्षिक वातावरण को दिया। उसने कहा कि प्रवक्ताओं द्वारा दी जाने वाली मूल्यवान शिक्षा से विभिन्न विषयों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी मिलती है, जिससे ज्ञान में निरंतर वृद्धि हो रही है।
द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली हिमानी पाल ने कहा कि कॉलेज द्वारा प्रदान की जाने वाली उच्च कोटि की शैक्षिक सुविधाओं तथा समय-समय पर स्किल डेवलपमेंट के लिए कराई जाने वाली कार्यशालाओं से विद्यार्थियों में व्यावहारिक एवं व्यावसायिक कौशल विकसित होता है। इन शैक्षिक गतिविधियों से विद्यार्थियों का चहुंमुखी विकास होता है।
वहीं, तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली निसिका कश्यप ने कहा कि प्रवक्ताओं के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने में सहायता मिलती है और उनका व्यावहारिक एवं व्यावसायिक ज्ञान विकसित होता है।
श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन एस सी कुलश्रेष्ठ ने सभी छात्र-छात्राओं को उनकी सफलता के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
श्रीराम कॉलेज ऑफ लॉ की प्राचार्या पूनम शर्मा ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कॉलेज का अनुशासनात्मक वातावरण उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। इसी कारण कॉलेज के अधिकतम छात्र-छात्राएं न केवल प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हो रहे हैं, बल्कि सर्वोच्च न्यायालय व उच्च न्यायालयों में प्रैक्टिस करने के अतिरिक्त न्यायिक सेवा के लिए भी तत्पर हैं।
इस अवसर पर संजीव कुमार, सोनिया गौड़, रितु धीमान, आक्षी कश्यप, विनय तिवारी, प्रीती व त्रिलोक ने सभी विद्यार्थियों को उनकी सफलता के लिए बधाई दी।

