जनवाणी संवाददाता |
जानीखुर्द: सात फेरों के समय सात जन्मों के साथ की कसम खाने वाली पत्नी और खून से सींच कर पैदा की बेटी ने अपने-अपने प्यार के लिए रिश्तों का खून करते हुए किसान सुभाष की प्रेमियों के साथ मिलकर 50 हजार की सुपारी देकर भाड़े के शूटर से हत्या कराई थी। मां-बेटी के प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर हत्या कराई थी। पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर मां-बेटी, उनके प्रेमियों के साथ-साथ भाड़े के शूटर को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
गांव जानी खुर्द निवासी किसान सुभाष (60) पुत्र चंदर को गत 23 जून को गंगनहर की पटरी किनारे गांव सिसौला के जंगल में उस समय गोली दी गई थी, जब वह अपने खेतों पर पानी देने गया था। अस्पताल में में रात में किसान सुभाष की मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। जानी खुर्द थाने पर मृतक के पुत्र आयुष ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया था। जानी खुर्द थाना प्रभारी निरीक्षक महेश राठौर ने बताया कि हत्याकांड का खुलासा कर दिया गया है। सुभाष की हत्या उसकी पत्नी कविता तथा बेटी सोनम ने अपने-अपने प्रेमियों के साथ मिलकर भाड़े के शूटर से कराई थी। महिला पुलिस ने मां-बेटी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जिसमें दोनों अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
साथ ही, मोबाइल कॉल डिटेल भी निकलवाई गई। हत्या से पहले मां-बेटी के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल ने सब कुछ साफ हो गया। प्रारंभ में मां-बेटी और उनके प्रेमी गुमराह करने की कोशिश करते रहे लेकिन बाद में वे टूट गए। थाना प्रभारी ने बताया कि किसान सुभाष की पत्नी कविता का गांव सिसौला कलां निवासी गुलजार पुत्र इदरीश तथा बेटी सोनम का रोहटा रोड निवासी विपिन पुत्र पूरन से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इन प्रेम प्रसंग का सुभाष को पता चल गया था जिस पर वह मां-बेटी के प्रेम संबंधों का विरोध कर रहा था। सामाजिक रूसवाई होने पर सुभाष शराब पीने लगा था। शराब पीकर वह मां-बेटी के साथ मारपीट भी करता था।
इसके चलते कविता ने अपनी बेटी सोमन के साथ मिलकर अपने पति सुभाष की हत्या कराने के लिए अपने-अपने प्रेमियों को साजिश में शामिल किया। मां-बेटी और उनके प्रेमियों ने भाड़े के हत्यारे गांव रोहटा निवासी अजगर उर्फ शिवम पुत्र गजेंद्र से 50 हजार की सुपारी देकर सुभाष की हत्या करा दी। पुलिस ने मां-बेटी और उनके प्रेमियों के साथ-साथ हत्यारोपी सुपारी किलर अजगर उर्फ शिवम को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा तथा बाइक बरामद कर ली है।
पुलिस को गुमराह करने को खेतों पर कराई हत्या
कांवड़ गंगनहर की पटरी पर आए दिन आपराधिक वारदातें होती रहती हैं इसलिए कविता और सोमन ने सुभाष की हत्या ऐसे समय कराने का षड्यंत्र रचा जब वह गंगनहर की पटरी किनारे पर गांव सिसौला के जंगल में खेतों पर सिंचाई करने जाएगा। इसलिए जब 23 जून को सुभाष के खेतों पर सिंचाई करने जाने की बात मां-बेटी ने अपने प्रेमियों से फोन कॉल कर बताई। फिर, विपिन अजगर को लेकर खेतों पर पहुंचा। हत्या के बाद पुलिस भी मान रही थी कि हत्या लूट के विरोध पर की गई होगी, लेकिन फोन कॉल डिटेल ने सुभाष की हत्या की साजिश से पर्दा हटा दिया।
प्रेमी बना सुपारी किलर का सारथी
किसान सुभाष की हत्या के लिए उसकी बेटी सोमन का प्रेमी विपिन अपनी बाइक पर सुपारी किलर अजगर उर्फ शिवम को लेकर पहुंचा। इससे पहले विपिनि ने ही शूटर अजगर को प्वाइंट 315 बोर का तमंचा व कारतूस उपलब्ध कराए। जब सुभाष खेतों से लौटकर महज 300 मीटर चला तो उसकी अजगर ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद विपिन अजगर को लेकर फरार हो गया। साथ ही, विपिन ने अपनी प्रेमिका सोनम तथा उसकी मां कविता को सुभाष हत्या हो जाने की जानकारी फोन पर दी।
बड़ी बेटी ने भी किया था प्रेम विवाह
पुलिस ने मां-बेटी को अपने प्रेमियों के संग मिलकर सुपारी किलर से सुभाष की हत्या कराने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि सुभाष की बड़ी बेटी ने भी प्रेम प्रसंग के चलते गांव सिसौला कलां के युवक से ब्याह किया था। पुलिस सोनम के प्रेमी विपिन तथा उसकी बड़ी बहन के पति के संबंधों को लेकर भी जांच पड़ताल कर रही है.

