जनवाणी ब्यूरो |
यूपी:गाजियाबाद स्थित रैडिसन ब्लू होटल में 4 जुलाई से 6 जुलाई तक आयोजित ब्रोंको-पल्मोनरी वर्ल्ड कांफ्रेंस 2025 में देश-विदेश के दिग्गज छाती एवं सांस रोग विशेषज्ञों ने भाग लिया। इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में देशभर से 1200 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ-साथ विश्व के 16 प्रतिष्ठित अतिथि चिकित्सक भी शामिल हुए।
डॉ. वीरोत्तम तोमर को मिला विशेष सम्मान
इस अवसर पर उत्कृष्ट चिकित्सीय और सामाजिक योगदान के लिए डॉ. वीरोत्तम तोमर को शॉल और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। डॉ. तोमर को भारत में एंडो-ब्रोंकिअल अल्ट्रासाउंड (EBUS) विधि के जनक के रूप में जाना जाता है।
सम्मान प्रदान करने वालों में नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के अध्यक्ष डॉ. बी. एन. गंगाधर और नीति आयोग के सदस्य डॉ. विनोद पॉल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
3 दिवसीय सम्मेलन में 12 कार्यशालाएं आयोजित
कॉन्फ्रेंस में ब्रोंकोस्कोपी, थोराकोस्कोपी, और मैकेनिकल वेंटिलेशन जैसे विषयों पर 12 वर्कशॉप्स का आयोजन गाजियाबाद के प्रमुख अस्पतालों में किया गया। इन कार्यशालाओं में उन्नत तकनीकों पर चिकित्सकों को प्रशिक्षण दिया गया।
विशेषज्ञों की विशेष उपस्थिति
सम्मेलन के दौरान यूएपीएम अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह (उदयपुर) और डॉ. विनोद जोशी (जयपुर) ने डॉ. वीरोत्तम तोमर के चिकित्सा और सामाजिक कार्यों की सराहना की और उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर उपस्थित अन्य प्रमुख हस्तियों में शामिल रहे।
डॉ. एस. के. कटियार, पूर्व विभागाध्यक्ष, छाती रोग विभाग, कानपुर
डॉ. एस. एन. गॉड
आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद अग्रवाल
डॉ. सर्वेश टंडन
आयोजन टीम और उपलब्धि
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का सफल आयोजन डॉ. आशीष अग्रवाल (गाजियाबाद) और डॉ. ज्ञानेंद्र अग्रवाल (नोएडा) की टीम द्वारा किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस स्तर की कॉन्फ्रेंस का सफल आयोजन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।

