नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम कानूनी पचड़े में फंसते नज़र आ रहे हैं। लाहौर में उनके खिलाफ खेल से जुड़े एक ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी मंच को बढ़ावा देने के आरोप में शिकायत दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता मुहम्मद फैज ने राष्ट्रीय साइबर अपराध एजेंसी (एनसीसीआईए) में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि अकरम ने एक जुआ और सट्टेबाजी ऐप का प्रचार किया है, जो देश के कानूनों के खिलाफ है। फैज ने अकरम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम पर विदेशी सट्टेबाजी ऐप ‘बाजी’ से जुड़े होने और उसका प्रचार करने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायतकर्ता मुहम्मद फैज ने दावा किया है कि अकरम इस ऐप को ब्रांड एंबेसडर की तरह प्रमोट कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक पोस्टर और वीडियो क्लिप में वसीम अकरम को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का समर्थन करते हुए देखा जा सकता है। इससे ऐप में आम लोगों की रुचि बढ़ रही है और जुआ-सट्टेबाजी को बढ़ावा मिल रहा है। फैज ने यह भी कहा कि इस तरह का प्रचार पाकिस्तान के कानून के खिलाफ है और इससे समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध एजेंसी (एनसीसीआईए) से आग्रह किया है कि इलेक्ट्रॉनिक अपराध अधिनियम 2016 के तहत वसीम अकरम के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
इससे पहले भारत में भी सट्टेबाजी ऐप से जुड़े लोगों से ईडी पूछताछ कर रही है। एजेंसी अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़े कई ऐसे मामलों की जांच कर रही है, जिन पर कई लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने या भारी मात्रा में कर चोरी करने का आरोप है। इस मामले में ईडी उन लोगों पर कार्रवाई कर रही है जो उस ऐप से जुड़े विज्ञापनों में शामिल हैं, खासतौर पर फिल्मी सितारे और क्रिकेटर। ईडी इस मामले में कई अभिनेता और अभिनेत्रियों और खिलाड़ियों से भी पूछताछ कर चुकी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये बेटिंग प्लेटफॉर्म बड़े-बड़े नामों का इस्तेमाल कर लोगों के पैसे लूटने का काम कर रहे हैं। विज्ञापनों में दिए गए क्यूआर कोड सीधे सट्टेबाजी साइटों पर ले जाते हैं, जो भारतीय कानून का उल्लंघन है। जांच में यह भी सामने आया है कि ये प्लेटफॉर्म अक्सर खुद को स्किल-बेस्ड गेमिंग के रूप में पेश करते हैं, लेकिन फर्जी एल्गोरिद्म के जरिए अवैध सट्टेबाजी को बढ़ावा देते हैं।

