नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। अमेरिका के वाशिंगटन राज्य स्थित रेडमंड मुख्यालय में बुधवार को माइक्रोसॉफ्ट कर्मचारियों ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंपनी की तकनीक का इस्तेमाल गाज़ा युद्ध के दौरान इज़राइली सेना द्वारा किया जा रहा है। इस पर आपत्ति जताते हुए कर्मचारियों ने कंपनी से इज़राइल के साथ अपने व्यावसायिक संबंध तुरंत समाप्त करने की मांग की। लगातार दो दिनों तक चले इस विरोध के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए 18 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया। मामले ने तूल पकड़ते देख माइक्रोसॉफ्ट प्रबंधन ने प्रतिक्रिया दी। कंपनी ने आश्वासन दिया कि वह गाज़ा युद्ध में इज़राइली सेना द्वारा उसकी तकनीक के इस्तेमाल की तत्काल समीक्षा करेगी।
कंपनी के लोगो और नाम पर खून के रंग जैसा लाल रंग फेंका
रेडमंड पुलिस विभाग के मुताबिक, मंगलवार के उलट जब कार्यालय भवनों के बीच एक प्लाजा पर कब्जा किए करीब 35 प्रदर्शनकारियों को माइक्रोसॉफ्ट की ओर से जाने के लिए कहने पर वे वहां से चले गए। इसके बाद जब बुधवार को कंपनी ने पुलिस को प्रदर्शनकारियों के और उग्र होने की जानकारी दी, तब प्रदर्शनकारियों और आक्रामक हो गए। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी के लोगो और नाम पर खून के रंग जैसा लाल रंग फेंका।
इसलिए उन्हें हिरासत में ले लिया गया
दरअसल, पुलिस प्रवक्ता जिल ग्रीन ने कहा, ‘हमने प्रदर्शनकारियों से वापस जाने को कहा। हमने अपील की कि कृपया वापस चले जाइए वरना आपको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद भी उन्होंने वहां से न जाने का फैसला किया। इसलिए उन्हें हिरासत में ले लिया गया।’
क्या है पूरा मामला?
बता दें, माइक्रोसॉफ्ट ने पिछले हफ्ते के अंत में कहा था कि वह ब्रिटिश अखबार ‘द गार्जियन’ की ओर से लगाए गए उन आरोपों की जांच के लिए एक कानूनी फर्म से संपर्क कर रहा है, जिनमें कहा गया था कि इस्राइली रक्षा बलों ने गाजा और पश्चिमी तट पर फलस्तीनियों की व्यापक निगरानी के जरिए प्राप्त फोन कॉल डेटा को संग्रहीत करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के एज्योर क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया था। कंपनी ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा, ‘माइक्रोसॉफ्ट की मानक सेवा शर्तें इस प्रकार के उपयोग को प्रतिबंधित करती हैं।’ साथ ही यह भी कहा गया कि रिपोर्ट में जो आरोप लगाए गए हैं, जिनकी पूरी और तत्काल समीक्षा की जानी चाहिए।

