जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव घोघरेकी में बीती रात लगातार हो रही भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से कुकू उर्फ ताहिर की पत्नी की मौत हो गई। रात करीब 11:15 बजे हुए हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद महिला को मलबे से निकालकर सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची देहात कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीण शाहिद कुरैशी, गुड्डू, दिलशाद, नौशाद सहित अन्य लोगों ने बताया कि लगातार बारिश से गांव के कई कच्चे और जर्जर मकान कमजोर हो चुके हैं, जिससे बड़े हादसों का खतरा बना हुआ है। ग्राम प्रधान हाजी साबिर ने प्रशासन से जर्जर मकानों का सर्वे कराने, जोखिम वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा मृतका के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की।

