जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सहारनपुर पुलिस पूरी रात सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही। बीती रात सीओ सदर विकास प्रताप सिंह चौहान और गागलहेड़ी थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने कांवड़ मार्ग पर लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचाई वाले डीजे और अन्य वाहनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को नियमों की जानकारी देते हुए मानकों के अनुरूप होने पर ही आगे बढ़ने की अनुमति दी। इससे पूर्व जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने गागलहेड़ी क्षेत्र में काली नदी चौकी के निकट देहरादून बॉर्डर पर कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर बैरिकेडिंग, पुलिस पिकेट, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता, सौहार्दपूर्ण व्यवहार और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनपदभर में पैदल गश्त और चेकिंग अभियान भी जारी रहा।

