जनवाणी ब्यूरो |
उत्तराखंड: आज 23 अगस्त को उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली तहसील क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अचानक बादल फटने से भारी तबाही मच गई। थराली तहसील के टूनरी गदेरा में बादल फटने की खबर सामने आई है। इसके चलते थराली बाजार, कोटदीप, तहसील परिसर सहित चेपड़ो और सागवाड़ा गांवों में भारी नुकसान हुआ है।
कई घरों और दुकानों में मलबा भर गया
देर रात हुए इस प्राकृतिक आपदा के कारण कई घरों और दुकानों में मलबा भर गया है। तहसील परिसर में खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गईं हैं, जबकि थराली बाजार पूरी तरह मलबे से पट गया है। वहीं, थराली-सागवाड़ा और थराली-ग्वालदम मार्गों पर भी भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, सागवाड़ा गांव में एक व्यक्ति और एक 20 वर्षीय युवती के मलबे में दबे होने की सूचना है। राहत और बचाव कार्यों के लिए गौचर से एनडीआरएफ और आईटीबीपी की टीम, जबकि ग्वालदम से एसएसबी की टीम रवाना हो गई हैं। एसडीआरएफ की टीम भी मौके के लिए भेज दी गई है।
एसडीएम का आवास मलबे में दब गया
राड़ीबगड़ क्षेत्र में बरसाती गदेरा उफान पर आ गया, जिससे एसडीएम का आवास मलबे में दब गया। हालाँकि एसडीएम और अन्य लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। मिंग्गदेरा में थराली-ग्वालदम मार्ग भी बंद हो गया है।
सुरक्षाबल राहत कार्यों में लगे हुए
प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, और सुरक्षाबल राहत कार्यों में लगे हुए हैं। एहतियात के तौर पर थराली, देवाल और नारायणबगड़ ब्लॉक के सभी स्कूलों में आज अवकाश घोषित कर दिया गया है।
सीएम धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा,”जनपद चमोली के थराली क्षेत्र में देर रात बादल फटने की दुःखद सूचना मिली है। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।
मैं स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहा हूं और ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।” प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।

