जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: देहात कोतवाली क्षेत्र के संदलहेड़ी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर अचानक पथराव कर दिया गया। घटना में डायल 112 की पीआरवी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिसकर्मी किसी तरह गाड़ी के पीछे छिपकर खुद को बचाने में सफल रहे। बाद में आरोपी को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
घटना बीती देर रात की बताई जा रही है। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर पीआरवी 0962 मौके पर पहुंची। वाहन में हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, चालक नरेंद्र कुमार और प्रदीप कुमार मौजूद थे। पुलिस टीम गांव पहुंची तो वहां रहने वाला युवक सावन उनसे बहस करने लगा। बताया गया कि उसने पहले पुलिसकर्मियों से हाथापाई की कोशिश की और अचानक पत्थर उठाकर पुलिस वाहन पर हमला कर दिया। हमले में पीआरवी का अगला शीशा टूट गया और गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अचानक हुए हमले में पुलिसकर्मी गाड़ी के पीछे छिपकर बचाव करते रहे और तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस अधिकारी और अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंची। तब तक अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी सावन मौके से फरार हो गया। पुलिस ने देर रात दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी सावन के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पथराव करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि कानून व्यवस्था में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी। सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

