- डीएम ने कहा वास्तव में दान की नगरी है शामली
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: जिला कारागार में बंद शामली के बंदियों और असहाय लोगों को कड़ाके की ठंड से बचाने के लिए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और उद्यमियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को कंबल सौंपे। जिलाधिकारी ने सामाजिक संगठनों की सराहना की।
सोमवार को रोटरी क्लब शामली मिडटाउन के तत्वावधान में 51 कंबल जिलाधिकारी को कलक्ट्रेट में जाकर सौंपे। इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष डा़ रीतिनाथ शुक्ला ने डीएम जसजीत कौर को कंबल सुपुर्द करते हुए भविष्य में भी लोगों की मदद करने का भरोसा दिलाया।

लायंस क्लब शामली दोआब द्वारा भी 51 गर्म कपडों का वितरण किया। पूर्व चैयरमैन अरविन्द संगल ने डीएम को कंबल सौंपते हुए क्लब द्वारा किए जा रहे कार्या के बारे में बताया।
इस मौके पर मीनू संगल, सीमा गर्ग, अलका आदि मौजूद रहे। शामली इंडस्ट्रीयल एस्टेट मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी बढ़ती सर्दी से बचाव करने के लिए 101 कंबल डीएम जसजीत कौर को सौंपे। यहां इस दौरान अध्यक्ष अंकित गोयल, अमित जैन, निखिल ऐरन, मोहित मित्तल आदि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने इस मौके पर कहा कि शामली वास्तव में दान की नगरी है। यहां की सामाजिक संस्थाओं को जब भी कुछ आहवान किया जाता है सब मिलकर समाज सेवा के उस कार्य को पूर्ण करते हैं। डीएम ने बताया कि मुजफ्फरनगर जिला जेल में बंद शामली जनपद के बंदियों को सर्दी से बचाव के लिए 200 कंबल दिए जाने हैं। डीएम ने सामाजिक संगठनों जमकर सराहना की।

