जनवाणी ब्यूरो |
मेरठ: थाना भावनपुर क्षेत्र के स्याल गांव में हाल ही में हुई लूट और हत्या की वारदात में शामिल दो बदमाशों साहिल और आलीशान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के पैर में गोली लगने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया है।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के बाद से ही भावनपुर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश छोईया पुलिया के पास स्याल रोड से गुजर रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की, जिसके बाद बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।
लूट के दौरान बुजुर्ग की गई थी जान
गिरफ्तार बदमाशों ने अपने साथियों के साथ मिलकर स्याल गांव में लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान उन्होंने बुजुर्ग तेजपाल को बुरी तरह घायल कर दिया था, जिनकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। यह वारदात इलाके में दहशत का कारण बन गई थी।
हथियार और माल बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, भारी मात्रा में ज़ेवरात, तथा नकदी बरामद की है।
दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

