जनवाणी संवाददाता |
छुटमलपुर/सहारनपुर: ऑपरेशन सवेरा के तहत फतेहपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान 151 ग्राम चरस के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी पहले भी चोरी, अवैध शराब और अन्य मामलों में जेल जा चुका है।सीओ सदर विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि नशे की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहपुर पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर सबरीपुर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग की। इसी दौरान पुलिस ने मुजफ्फराबाद निवासी सुमित उर्फ डैनी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 151 ग्राम चरस बरामद हुई।
सीओ के मुताबिक आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी से नशीले पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और उसके संपर्कों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।पुलिस के अनुसार सुमित उर्फ डैनी के खिलाफ फतेहपुर थाने में पहले से चोरी, चोरी का माल रखने, अवैध हथियार, आबकारी अधिनियम और गुंडा अधिनियम समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक बबलू कुमार, मुख्य आरक्षी बबलू राणा, प्रेम सिंह और आरक्षी धर्मेंद्र कुमार शामिल रहे।

