जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: अग्निवीर भर्ती रैली में मंगलवार को बागपत जिले के बड़ौत और खेकड़ा तहसील के 970 अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा लिया। इनमें 670 अभ्यर्थियों ने पहली शारीरिक परीक्षा पास की। दौड़ के बाद सफल युवाओं की शारीरिक माप, बीम और पुशअप समेत अन्य मानकों पर परीक्षा हुई। चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा जांच से गुजरना होगा।
भर्ती में शामिल होने के लिए युवा सोमवार देर रात से ही सहारनपुर पहुंचने लगे थे। स्टेडियम के साथ रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर भी सुरक्षा व्यवस्था रही। बैरिकेडिंग और सीसीटीवी से निगरानी की गई।बुधवार को बागपत तहसील के साथ बिजनौर जिले की नगीना और चांदपुर तहसील के युवा भर्ती में शामिल होंगे।
एआरओ मेरठ के अंतर्गत करीब 89 हजार युवाओं ने ऑनलाइन परीक्षा दी थी, जिनमें 28,100 अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा के लिए चयनित हुए हैं। प्रतिदिन करीब 1200 युवाओं की परीक्षा कराई जा रही है। भर्ती रैली नौ सितंबर तक चलेगी और सहारनपुर जिले के सामान्य ड्यूटी अभ्यर्थियों की परीक्षा एक सितंबर को होगी।

