जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: गोकशी की तैयारी कर रहे चार आरोपियों को सरसावा और देहात कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में गिरफ्तार किया। इनमें तीन आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हुए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस, एक चाकू, दो वाहन, तीन जिंदा गोवंश और गोकशी के उपकरण बरामद किए हैं।
सरसावा पुलिस सोमवार रात शाहजहांपुर-चिलकाना मार्ग से भिक्कनपुर जाने वाली सड़क पर गश्त कर रही थी। पॉपलर के खेत के पास छोटा हाथी वाहन दिखाई देने पर पुलिस टीम जांच के लिए पहुंची तो तीन लोग गोकशी की तैयारी करते मिले। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सौराना निवासी नशीम के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए।
सीओ नकुड़ पवन कुमार ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में कांबिंग की जा रही है। नशीम के कब्जे से तमंचा, कारतूस, जिंदा गोवंश और गोकशी के उपकरण बरामद हुए।उधर, देहात कोतवाली पुलिस ने मल्हीपुर के पास आम के बाग में गोकशी की तैयारी की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचने पर आरोपियों ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में देहरादून निवासी आफताब उर्फ लालू और हरिद्वार निवासी अब्दुल बहाव घायल होकर गिरफ्तार हुए।
इनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, पिकअप, दो जिंदा गोवंश और उपकरण बरामद हुए। कांबिंग के दौरान नासिर निवासी दाउदसराय को चाकू समेत गिरफ्तार किया गया। एएसपी मनोज यादव ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

