जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना सरसावा क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और एक फरार आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। छात्रा से छेड़खानी और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देने के मामले में आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले को लेकर क्या बोले एसपी देहात?
मामले को लेकर एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि बीती रात थाना सरसावा पुलिस नकुड़ रोड पर ग्राम माजरी कला के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक से वहां पहुंचा। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश करने लगा।भागते समय बाइक फिसलने पर जब आरोपी घिरा तो उसने दोबारा पुलिस पर गोली चलाई। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया।एसपी देहात ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम त्यागी पुत्र सचिन त्यागी निवासी ग्राम सरसोहेड़ी, थाना सरसावा के रूप में हुई है। आरोपी पर छात्रा से छेड़खानी, धमकी देने और वीडियो वायरल करने की कोशिश का मामला दर्ज था। इस प्रकरण के बाद से वह फरार चल रहा था।
एसपी देहात के अनुसार, शिवम त्यागी पर छात्रा व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इसके अलावा उस पर थाना सरसावा और कोतवाली देहात में शराब तस्करी और धमकी देने जैसे मामलों में कुल चार मुकदमे दर्ज हैं।मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।

