जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना नकुड़ क्षेत्र के ग्राम टिडौली में शुक्रवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने भाजपा नेता सुशील कोरी के पिता धर्म सिंह (65) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब धर्म सिंह अपने घर में सो रहे थे। सुबह परिजनों ने जब खून से लथपथ शव देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन, नकुड़ पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।

