जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य युवक की भी जान चली गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
अली अहमद से मिलने जा रहे थे
पुलिस के अनुसार, हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ। कार में सवार पांचों लोग प्रयागराज से झांसी जा रहे थे। वे झांसी जेल में बंद अतीक अहमद के बेटे अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे।
जानवर को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार क्रेटा कार हाईवे पर झांसी की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दो की मौके पर मौत, तीन घायल
हादसे में आगे की सीट पर बैठे आबान अहमद और सोनू खान के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार अहजम (बादशाही मंडी, प्रयागराज), मोहम्मद जैद (कोतवाली, प्रयागराज) और उमर अहमद (पूरा मुफ़्ती, प्रयागराज) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतकों में एक की पहचान अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद के रूप में हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
अली अहमद झांसी जेल में बंद
अतीक अहमद का बेटा अली अहमद उमेश पाल हत्याकांड और रंगदारी से जुड़े मामलों में आरोपी है। उसे 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी जेल से हाई सिक्योरिटी के तहत झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था। नैनी जेल में उसकी बैरक से 1,100 रुपये बरामद होने के बाद प्रशासन ने उसे झांसी भेजा था। तब से वह झांसी जेल में बंद है।
2023 में एसटीएफ मुठभेड़ में मारा गया था असद
अतीक अहमद का एक अन्य बेटा असद अहमद 13 अप्रैल 2023 को झांसी में उत्तर प्रदेश एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया था। उमेश पाल हत्याकांड में वांछित असद पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। बड़ागांव थाना क्षेत्र के पारीक्षा के पास हुई इस मुठभेड़ में असद और उसका साथी गुलाम पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारे गए थे।

