जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बिहार में नई सरकार के गठन की गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार, 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11:30 बजे शुरू होगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना आने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को ही पटना पहुंचेंगे।
शपथ से पहले राजनीतिक बैठकें तेज
शपथ ग्रहण से एक दिन पहले बुधवार को भाजपा और जदयू विधायक दल की अलग-अलग बैठकें होंगी। इसके बाद एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुने जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार राजभवन जाकर सरकार गठन का दावा पेश करेंगे।
नई मंत्रिपरिषद का खाका तैयार
सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार दो उपमुख्यमंत्रियों और लगभग 20 मंत्रियों के साथ शपथ ले सकते हैं। नए कैबिनेट में भाजपा, जदयू के साथ-साथ लोजपा (रा), हम और रालोमो के विधायकों को भी प्रतिनिधित्व मिलेगा।
भाजपा कोटे से किन नेताओं को मंत्री बनाया जाएगा, इसकी सूची को अमित शाह अंतिम रूप दे रहे हैं। वहीं रालोमो से प्रोफेसर स्नेहलता के मंत्री बनने की मजबूत संभावना जताई जा रही है। वे सासाराम से पहली बार विधायक चुनी गई हैं।
गांधी मैदान में तैयारी चरम पर
20 नवंबर को होने वाले इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह के लिए गांधी मैदान में प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां पूरी रफ्तार पर हैं। प्रधानमंत्री और अन्य केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी को देखते हुए उच्चस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।

