जनवाणी संवाददाता ।
मेरठ: परतापुर थाना क्षेत्र स्थित इंडस्ट्री एरिया में चंद्रोदेवी गेट के पास नाले में सुबह एक मजदूर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव को नाले में पड़ा देख मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया और शिनाख्त के प्रयास किए। जिसके बाद मृतक की जेब में मिला आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई करते हुए शव को मोर्चरी भिजवा दिया।
एवरेस्ट कंपनी के लेबर ठेकेदार बुधराम ने बताया कि वह कंपनी में पिछले 15 वर्षों से ठेकेदारी के रूप में काम कर रहा हैं। कुछ दिन पहले ही उनका साला राजकुमार उनकी कंपनी में काम करने के लिए आया था। मंगलवार की सुबह राजकुमार ने कंपनी में दोपहर तक काम किया। जिसके बाद बिना बताए वह कंपनी से बाहर चला गया शाम तक वापस नहीं लौटने पर उन्होंने उसे आसपास ढूंढने का काफी प्रयास किया। बुधवार सुबह उन्हें कंपनी के एक कर्मचारी ने बताया कि नाले में एक व्यक्ति का शव मिला है और मौके पर काफी भीड़ जमा है। जिसको सुनते ही वह मौके पर पहुंचे और देखो तो नाले में मिला शव 55 वर्षीय राजकुमार पुत्र मिस्त्री लाल निवासी लखीमपुर खीरी के तिकोनिया गांव कड़ियां का था।
वहीं इस मामले में सतवीर सिंह अत्री का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण अभी पता नहीं चल पाया है। जिसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

