जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान दित्वाह तेजी से भारत की तटीय सीमा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तटीय इलाकों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार, तूफान अगले कुछ ही समय में तटों से टकरा सकता है और इसके प्रभाव व्यापक रूप से महसूस किए जाएंगे।
मौसम विभाग की चेतावनी
IMD ने बताया कि दित्वाह तूफान की दिशा लगातार उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बनी हुई है और यह तट से टकराते समय तेज़ गति पकड़ सकता है। बता दें कि, हवा की रफ्तार 90–110 km/h तक पहुंचने का अनुमान है, कुछ क्षेत्रों में यह 120 km/h तक भी जा सकती है।
तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट
तटीय जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना है। समुद्र में 4–6 मीटर ऊँची लहरें उठ सकती है। तमिलनाडु के नागपट्टिनम, कराईकल, कडलूर और पुद्दुचेरी के तटीय इलाकों में प्रशासन ने सावधानी रखनें के लिए कहा है। वहीं, आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम और विशाखापत्तनम के कुछ हिस्सों में भी तेज़ हवाओं और भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
प्रशासन ने स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए हैं, मछली पकड़ने पर रोक लगा दी है। तट के पास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन तैयार
तूफान से पहले NDRF की टीमें संवेदनशील स्थानों पर तैनात कर दी गई हैं। बिजली और संचार लाइनों को सुरक्षित करने के लिए टीमें काम कर रही हैं। तटीय गांवों में सार्वजनिक ऐलान, लाउडस्पीकर और सोशल मीडिया के जरिए अलर्ट जारी किया जा रहा है।
कुछ देर में लैंडफॉल
श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद चक्रवाती तूफान दित्वाह भारत की ओर बढ़ गया है। तूफान दित्वाह रविवार यानी आज कुछ ही देर में भारतीय तटों से टकराएगा। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने चक्रवाती तूफान दित्वाह के मद्देनजर उत्तरी तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर गंभीर खतरे को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।

