जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना: मेरठ–करनाल हाईवे पर हस्तिनापुर से गीता उपदेश स्थली को जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित झिंझाना के प्रसिद्ध गाडीवाला चौक को सोमवार को एक नई पहचान मिली। महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज जी ने विधिवत भूमि पूजन कर गाडीवाला चौक का नाम परिवर्तित कर “श्री मद्भागवत गीता चौक” रखे जाने की आधारशिला का लोकार्पण किया।
महामंडलेश्वर स्वामी का स्वागत एसडीएस कॉन्वेंट स्कूल की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक अंदाज में किया गया। छात्राओं के स्वागत से प्रभावित होकर स्वामी जी ने शिक्षा और संस्कारों को समाज की नींव बताया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेशपाल कश्यप, नगर पालिका शामली के चेयरमैन अरविंद संगल, भाजपा नेता श्रीपाल आर्य,खुर्शीद आलम, राहुलदेव गुप्ता, सतीश कश्यप सहित कस्बे के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

