जनवाणी ब्यूरो ।
नई दिल्ली: स्विट्जरलैंड में नए साल का उत्सव उस समय त्रासदी में बदल गया, जब एक स्की रिजॉर्ट में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। धमाके के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
धमाके की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह धमाका स्की रिजॉर्ट के लिए प्रसिद्ध शहर क्रांस-मोंटाना में हुआ, जो स्विस आल्प्स के बीच स्थित है। बताया जा रहा है कि विस्फोट रिजॉर्ट के एक रेस्तरां में हुआ, जहां नए साल का जश्न मनाया जा रहा था। इस हादसे में 40 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने विस्फोट स्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है और एहतियात के तौर पर रिजॉर्ट के आसपास के इलाकों को भी बंद कर दिया गया है। यह धमाका दुर्घटनावश हुआ या किसी हमले का हिस्सा है, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने क्या कहा
पुलिस प्रवक्ता ने बताया, ‘आग आज सुबह करीब 1:30 बजे ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ नाम के एक बार में लगी। घटना के वक्त इमारत में सौ से ज्यादा लोग थे और कई लोगों की मौत की आशंका है और कई लोग घायल हुए हैं।’ उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए एक रिसेप्शन सेंटर और हेल्पलाइन शुरू की गई है। लैथियन ने कहा, ‘हम अभी अपनी जांच की शुरुआत में हैं, लेकिन यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर स्की रिसॉर्ट है जहां बहुत सारे पर्यटक आते हैं।’

