जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कर्नाटक के हुबली शहर में मंगलवार को उस वक्त तनाव फैल गया, जब भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता के साथ पुलिस हिरासत के दौरान कथित बदसलूकी का मामला सामने आया। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लेते समय पुलिस ने महिला के साथ हाथापाई की और उसके कपड़े फाड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला कार्यकर्ता एक बस के भीतर मौजूद है, जहां उसे पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों ने घेर रखा है। वीडियो में महिला आपत्ति जताते हुए विरोध करती नजर आ रही है, इसी दौरान कथित तौर पर उसके साथ धक्का-मुक्की की जाती है। इस घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्यों हुई महिला कार्यकर्ता की गिरफ्तारी?
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला कार्यकर्ता को कांग्रेस पार्षद सुवर्णा कल्लाकुंटला की शिकायत के आधार पर हिरासत में लिया गया था। शिकायत मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान से जुड़ी बताई जा रही है। आरोप है कि महिला ने अधिकारियों के साथ मिलकर कुछ मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने में मदद की। हालांकि, महिला कार्यकर्ता ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा का हमला
इस मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर पुलिस हिरासत में किसी महिला की मर्यादा भंग होती है और उसके साथ मारपीट की जाती है, तो यह कांग्रेस शासन में महिला सुरक्षा की स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया, “क्या यही है ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का मतलब?”
शहजाद पूनावाला ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में टकराव
सूत्रों के अनुसार, महिला कार्यकर्ता पहले कांग्रेस से जुड़ी हुई थीं और हाल ही में भाजपा में शामिल हुई थीं। इसी को लेकर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच पहले भी विवाद हो चुका था, जो मंगलवार को टकराव में बदल गया।
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, महिला कार्यकर्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है और निष्पक्ष जांच की मांग लगातार उठ रही है।

