जनवाणी ब्यूरो |
मोदीपुरम: सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को लंबे इंतजार के बाद नया कुलपति मिल गया है। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने डॉ. त्रिवेणी दत्त को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए की गई है। देर रात राजभवन की ओर से नियुक्ति पत्र जारी होते ही विश्वविद्यालय प्रशासन को इसकी औपचारिक जानकारी मिल गई। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति प्रो. के.के. सिंह का कार्यकाल 25 सितंबर 2025 को समाप्त हो गया था।
इसके बाद विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए राज्यपाल द्वारा कार्यवाहक कुलपति की व्यवस्था की गई थी। नए कुलपति की नियुक्ति को लेकर प्रक्रिया काफी समय से चल रही थी। विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार कुलपति पद के लिए चयन समिति द्वारा तीन नामों का पैनल तैयार कर 9 जनवरी को राजभवन भेजा गया था। सभी नामों पर विचार-विमर्श के बाद राज्यपाल ने डॉ. त्रिवेणी दत्त के नाम पर अंतिम मुहर लगाई।
उनकी नियुक्ति से विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध कार्यों और प्रशासनिक सुधारों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। विश्वविद्यालय परिसर में नए कुलपति की नियुक्ति को लेकर शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों में उत्साह का माहौल है। उम्मीद की जा रही है कि डॉ. त्रिवेणी दत्त अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

