नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों के कारण निवेशकों की धारणा पर नकारात्मक असर देखने को मिला। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ खुले।
शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 311.33 अंक गिरकर 82,934.85 के स्तर पर आ गया, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 99.5 अंक टूटकर 25,486 पर पहुंच गया। इसी दौरान, रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 8 पैसे कमजोर होकर 90.98 पर आ गया।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से इटरनल, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट और बजाज फिनसर्व के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर कोटक महिंद्रा बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अल्ट्राटेक सीमेंट और आईटीसी के शेयर बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।
भू-राजनीतिक तनाव और विदेशी बिकवाली का दबाव
ऑनलाइन ट्रेडिंग और वेल्थ टेक फर्म एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के अनुसार, बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, विदेशी निवेशकों की निरंतर बिकवाली और रुपये की कमजोरी ने घरेलू शेयर बाजार की धारणा को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि अल्पकालिक सुधार के बावजूद बाजार में किसी बड़ी तेजी की संभावना सीमित बनी हुई है। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की लगातार खरीदारी बाजार के लिए एक मजबूत सहारा बनी हुई है, जिससे बड़ी गिरावट टल रही है।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक बढ़त में रहा, जबकि जापान का निक्केई 225, चीन का शंघाई एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। सोमवार को अमेरिकी बाजार अवकाश के कारण बंद रहे।
कच्चे तेल की कीमतों में हल्की तेजी
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.11 प्रतिशत बढ़कर 64.01 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई।
एफआईआई बिकवाल, डीआईआई खरीदार
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 3,262.82 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने बाजार में भरोसा दिखाते हुए 4,234.30 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
पिछले कारोबारी सत्र का हाल
सोमवार को सेंसेक्स 324.17 अंक (0.39%) गिरकर 83,246.18 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 108.85 अंक (0.42%) टूटकर 25,585.50 के स्तर पर बंद हुआ।

