जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: चंडीगढ़ नगर निगम को नया मेयर मिल गया है। भाजपा के सौरभ जोशी ने मेयर पद का चुनाव जीत लिया है। सौरभ जोशी को कुल 18 वोट मिले, जबकि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी योगेश ढींगरा को 11 वोट और कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह गाबी को 7 वोट प्राप्त हुए।
पिता की तस्वीर लेकर पहुंचे सौरभ जोशी
मेयर चुनाव के दौरान सौरभ जोशी अपने पिता जयराम जोशी की तस्वीर साथ लेकर सदन में पहुंचे। जब पार्टी के सहयोगी पार्षदों ने उन्हें मेयर की कुर्सी पर बैठाया, तो वे भावुक नजर आए। मेयर बनने के बाद आप उम्मीदवार योगेश ढींगरा ने भी उन्हें गले लगाकर बधाई दी।
पिता को याद कर भावुक हुए नए मेयर
मेयर पद संभालते समय सौरभ जोशी अपने पिता को याद कर भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा,
“यह मेरी उड़ान नहीं, मेरे पिता की तपस्या का फल है। यह पद मेरे लिए सम्मान नहीं, बल्कि एक ऋण है। जीत नहीं, जिम्मेदारी है।”
जोशी ने भरोसा दिलाया कि वे अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाएंगे और चंडीगढ़ के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
सीनियर डिप्टी मेयर चुनाव में भाजपा-आप के बीच मुकाबला
मेयर बनने के बाद सौरभ जोशी ने सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की प्रक्रिया कराई। कांग्रेस के वॉकआउट के चलते सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए केवल भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच मुकाबला हुआ।
भाजपा ने सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर दोनों पद जीते
सीनियर डिप्टी मेयर के चुनाव में भाजपा के जसमनप्रीत सिंह ने आम आदमी पार्टी के मुन्नवर खान को हराकर जीत दर्ज की।
वहीं, डिप्टी मेयर पद पर भाजपा की सुमन देवी निर्वाचित हुईं। चुनाव से पहले रामचंद्र यादव ने अपना नाम वापस ले लिया था।
कांग्रेस पर आप का हमला
आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़ के प्रभारी जरनैल सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा का साथ दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि इसका जवाब चंडीगढ़ की जनता आने वाले समय में देगी।

