जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव शनिवार शाम अपनी मंगेतर वंशिका चड्ढा के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में आयोजित की जा रही है। विवाह समारोह के लिए दोनों परिवारों के सदस्य और करीबी मेहमान पहले ही समारोह स्थल पर पहुंच चुके हैं।
कुलदीप यादव जमकर डांस करते नजर आए
शादी से पहले प्री-वेडिंग कार्यक्रम भी शुरू हो चुके हैं। शुक्रवार को मेहंदी और संगीत सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें कुलदीप यादव जमकर डांस करते नजर आए। संगीत समारोह में क्रिकेट जगत से जुड़े कई जाने-माने चेहरे भी शामिल हुए।
शादी समारोह के लिए होटल को फूलों, रोशनी और पारंपरिक सजावट से खास तौर पर सजाया गया है। मेहमानों के स्वागत के लिए होटल प्रबंधन ने विशेष इंतजाम किए हैं। खाने के मेन्यू में पारंपरिक भारतीय व्यंजनों के साथ-साथ उत्तराखंडी पकवानों को भी शामिल किया गया है।
भारतीय क्रिकेट टीम के कई बड़े खिलाड़ियों के शामिल
समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के कई बड़े खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। होटल परिसर में केवल आमंत्रित मेहमानों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और होटल प्रबंधन ने कार्यक्रम को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विशेष व्यवस्था की है।
View this post on Instagram
शुक्रवार को आयोजित संगीत सेरेमनी में पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और स्पिनर युजवेंद्र चहल भी डांस करते नजर आए। रैना ने कुलदीप यादव के साथ मंच पर जमकर ठुमके लगाए। भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी. दिलीप भी इस समारोह में मौजूद रहे। वहीं टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा रहे रिंकू सिंह भी अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ कुलदीप की शादी में शामिल होने मसूरी पहुंच चुके हैं।
बताया जा रहा है कि कुलदीप यादव और वंशिका चड्ढा एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। वंशिका ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से अपनी पढ़ाई पूरी की है और वर्तमान में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में कार्यरत हैं।
शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ में कुलदीप यादव और वंशिका चड्ढा का भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्रिकेट और अन्य क्षेत्रों से कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

