जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: एलपीजी सिलिंडरों की कमी के बीच भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने नए नियम लागू कर दिए हैं। अब जिन उपभोक्ताओं ने सालाना कोटे के 12 सिलिंडर रिफिल कर लिए हैं, उन्हें नई बुकिंग के लिए हेलो बीपीसीएल मोबाइल एप पर जाकर कुछ सवालों के जवाब देना अनिवार्य होगा।
सवालों में परिवार के सदस्यों की संख्या, आने वाले मेहमानों का विवरण, घर में शादी, भंडारा या अन्य आयोजन की जानकारी शामिल है। केवल इन विवरणों के बाद ही सिलिंडर बुक किया जा सकेगा। बरेली जिले में करीब दस लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं, जिनमें 4.16 लाख उज्ज्वला कनेक्शन शामिल हैं।
नए नियम से उपभोक्ताओं में परेशानी
रविवार से लागू हुए इस नियम की जानकारी गैस एजेंसी संचालकों और उपभोक्ताओं को नहीं थी। सुबह से ही कई लोग मोबाइल से बुकिंग की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सफल नहीं हुए और एजेंसी पहुंचे। वहां के स्टाफ को भी नई प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी।
ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव के अनुसार, एक वित्त वर्ष में प्रत्येक उपभोक्ता 12 सिलिंडर ही ले सकता है। कई उपभोक्ताओं का कोटा पहले ही पूरा हो चुका है।
बीपीसीएल के नए दिशा-निर्देश के तहत अब उपभोक्ताओं को मोबाइल एप डाउनलोड करना होगा और क्रमवार सवालों के जवाब देने होंगे। इसके बिना सिलिंडर बुक नहीं होगा।
हालांकि, स्मार्टफोन न रखने वाले शहरी और ग्रामीण उपभोक्ताओं को अब परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्हें फोन खरीदना, एप डाउनलोड करना और सवालों का जवाब देना कठिन होगा। ऐसे में घर बैठे एलपीजी बुकिंग का लाभ नहीं मिलेगा और उन्हें एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं।
पूछे जाने वाले मुख्य सवाल
- परिवार में छह या उससे अधिक सदस्य हैं?
- परिवार में मेहमान आने वाले हैं?
- शादी, भंडारा या कोई अन्य कार्यक्रम है?
- अन्य घरेलू उपयोग के लिए।
बदायूं में कॉमर्शियल सिलिंडरों की अतिरिक्त आपूर्ति
बदायूं जिले में सोमवार से कॉमर्शियल सिलिंडरों की 20% अतिरिक्त आपूर्ति शुरू हो सकती है। इससे होटल संचालक और कैटरर्स को राहत मिलने की उम्मीद है। उनका ब्योरा पहले ही पेट्रोलियम कंपनी को भेज दिया गया है।
केंद्र सरकार की ओर से कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने के बाद कई व्यवसायिक उपभोक्ताओं को समस्याओं का सामना करना पड़ा था। कई लोगों ने अपने धंधे को सीमित किया या फिर भट्ठी का प्रयोग करना शुरू कर दिया था। अब अतिरिक्त आपूर्ति से व्यापारियों और ढाबा संचालकों को राहत मिल सकती है। बदायूं जिले में 862 कॉमर्शियल सिलिंडर उपभोक्ता हैं और अब उन्हें नए नियमों के अनुसार सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।



