जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार सुबह दबिश दी। जालंधर और फगवाड़ा में उनके आवास, संस्थान और कारोबारी ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई कार्रवाई में दिल्ली से आई ईडी टीमों ने कई स्थानों को घेर लिया। मित्तल के आवास के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि अधिकारियों द्वारा अंदर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।
लवली ग्रुप और अन्य परिसरों की जांच
ईडी की टीमें लवली ग्रुप से जुड़े कई प्रतिष्ठानों तक पहुंची हैं, जिनमें लवली ऑटोज, लवली स्वीट्स और लवली डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर शामिल हैं। मित्तल परिवार से जुड़े आवासीय और व्यावसायिक परिसरों पर भी छानबीन की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के कथित उल्लंघन से जुड़ी है। ईडी की नजर खासतौर पर वित्तीय लेन-देन और विदेशी फंडिंग से जुड़े दस्तावेजों पर है।
हाल ही में सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटाकर यह जिम्मेदारी अशोक मित्तल को सौंपी गई थी। इस फैसले के कुछ ही दिनों बाद हुई ईडी की यह कार्रवाई राजनीतिक मायनों में भी अहम मानी जा रही है।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
सीएम भगवंत मान ने ईडी की कार्रवाई पर तंज कसते हुए सीएम ने ट्वीट किया कि “भाजपा पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू कर रही है… आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और यूनिवर्सिटी में ईडी की रेड… टिपिकल मोदी स्टाइल। हम वो पत्ते नहीं जो शाख से टूट कर गिर जाएंगे, आंधियों को अपनी औकात में रहने को कहो।”
AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने उन्होंने ट्वीट किया कि “मोदी ने पंजाब में चुनावों की तैयारी शुरू कर दी। लेकिन पंजाब के लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। भाजपा को इसका करारा जवाब मिलेगा।”

