जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रामनगर क्षेत्र के कागोट गांव के पास उस समय हुआ, जब एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
दूरदराज के गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, बस एक दूरदराज के गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी। पहाड़ी मार्ग पर एक तीखे मोड़ के दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते बस सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही कई यात्रियों की मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने घटना पर दुख जताया
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए उधमपुर के उपायुक्त से बातचीत की। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है और राहत-बचाव कार्य में तेजी लाई जा रही है। सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।

