जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद बाजार ने तेजी से रिकवरी की, हालांकि बाद में फिर हल्की कमजोरी के साथ कारोबार होता दिखा।
शुरुआत में प्री-ओपनिंग की बढ़त गंवाने के बाद BSE Sensex 200 अंकों से ज्यादा टूट गया, जबकि Nifty 50 24,300 के नीचे फिसल गया। इस दौरान HDFC Bank और Reliance Industries ने बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव डाला।
हालांकि कुछ ही देर बाद बाजार में खरीदारी लौटी और दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में पहुंच गए। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 236.64 अंक चढ़कर 78,730.18 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 66.65 अंक की बढ़त के साथ 24,420.20 पर कारोबार करता दिखा।
टॉप गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में Trent Limited, State Bank of India, ICICI Bank, Asian Paints, Adani Ports और Axis Bank प्रमुख बढ़त वाले शेयर रहे। वहीं Infosys समेत कुछ अन्य शेयरों में गिरावट देखी गई।
ICICI बैंक के शेयरों में उछाल
ICICI Bank के शेयरों में करीब 2% की तेजी दर्ज की गई। बैंक ने मार्च तिमाही में 9.28% की बढ़त के साथ 14,755 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया है। यह बढ़ोतरी प्रोविजनिंग में करीब 90% की कमी के चलते संभव हुई।
रुपया भी मजबूत
शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 19 पैसे मजबूत होकर 92.72 पर पहुंच गया। हालांकि बाद में बाजार में हल्की गिरावट भी देखी गई।
तेल की कीमतों में उछाल
वैश्विक मानक Brent Crude 5.57% बढ़कर 95.41 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।
बता दें कि, शुक्रवार को भी भारतीय बाजार मजबूती के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 504.86 अंक चढ़कर 78,493.54 और निफ्टी 156.80 अंक की बढ़त के साथ 24,353.55 पर बंद हुआ था।
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर बाजार की दिशा तय होगी।

