जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: तमिलनाडु में चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है और जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कन्याकुमारी में आयोजित रैली के दौरान भाजपा और आरएसएस पर जोरदार हमला बोला।
राहुल गांधी ने AIADMK पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा?
रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने AIADMK पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके नेताओं ने भ्रष्टाचार के चलते भाजपा के सामने “समर्पण” कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए एआईएडीएमके का इस्तेमाल कर रही है।
आरएसएस पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी ने (RSS) पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह संगठन द्रविड़ विचारधारा को पसंद नहीं करता और तमिलनाडु पर अपना नियंत्रण स्थापित करना चाहता है। उन्होंने कहा कि राज्य की भाषा, संस्कृति और पहचान को बचाने के लिए लोगों को इस विचारधारा को समझना होगा।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि भाजपा सीधे तौर पर तमिलनाडु में मजबूत नहीं हो पा रही है, इसलिए वह एआईएडीएमके के सहारे राज्य की राजनीति में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद तमिलनाडु की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और भी तीखे हो सकते हैं, जिससे चुनावी माहौल और गर्माने के आसार हैं।

