जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नेतृत्व में चुनाव आयोग पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित बयान को लेकर आयोग से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई और हस्तक्षेप की मांग की।
मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भाजपा प्रतिनिधिमंडल गहरी नाराजगी और आक्रोश के साथ चुनाव आयोग के समक्ष पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री का अपमान किया है। रिजिजू के मुताबिक, प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहना केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे देश का अपमान है।
केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता जैसे वरिष्ठ पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह बयान निजी बातचीत में नहीं, बल्कि चुनावी राज्य चेन्नई में मीडिया को संबोधित करते हुए दिया गया।
सीतारमण ने आगे कहा कि देश पुलवामा हमले की बरसी पर शहीदों को याद कर रहा है और ऐसे संवेदनशील समय में इस तरह का बयान देना और भी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल एक पैटर्न बन चुका है और इसमें कोई सुधार नहीं दिख रहा।
भाजपा ने चुनाव आयोग से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

