जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने उन्हें रिकॉर्ड बुक में खास जगह दिला दी। बाएं हाथ के इस आक्रामक बल्लेबाज ने अपने टी20 करियर (अंतरराष्ट्रीय, लीग और घरेलू क्रिकेट) का नौवां शतक जड़ा। उन्होंने यह उपलब्धि 184 पारियों में हासिल की और इस तरह टी20 में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर पहुंच गए।
इतना ही नहीं, अभिषेक शर्मा पारियों के हिसाब से सबसे तेज नौ शतक पूरे करने वाले बल्लेबाजों में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। इस फॉर्मेट में अब तक केवल आठ खिलाड़ियों ने नौ या उससे ज्यादा शतक लगाए हैं।
टी20 में 9 या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले दिग्गज
इस सूची में वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल 22 शतकों के साथ शीर्ष पर हैं। पाकिस्तान के बाबर आजम 12 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर 10 शतकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। अभिषेक शर्मा के अलावा विराट कोहली, क्विंटन डिकॉक, राइली रूसो और साहिबजादा फरहान ने भी टी20 में नौ-नौ शतक लगाए हैं।
अभिषेक अब भारतीय बल्लेबाजों में विराट कोहली के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 100+ स्कोर करने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं।
सबसे तेज 9 टी20 शतक पूरे करने वाले बल्लेबाज
- क्रिस गेल – 124 पारियां
- साहिबजादा फरहान – 160 पारियां
- अभिषेक शर्मा – 184 पारियां
- बाबर आजम – 248 पारियां
- राइली रूसो – 361 पारियां
- विराट कोहली – 364 पारियां
- क्विंटन डिकॉक – 426 पारियां
- डेविड वॉर्नर – 428 पारियां
तूफानी पारी से बदला मैच का रुख
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने 68 गेंदों पर नाबाद 135 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 195 रन ही बना सकी और मुकाबला गंवा दिया। अभिषेक की इस पारी ने न सिर्फ टीम को जीत दिलाई, बल्कि उन्हें टी20 क्रिकेट के दिग्गजों की सूची में भी शामिल कर दिया।

