जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: उत्तराखंड बोर्ड के परीक्षार्थियों के लंबे इंतजार का अंत हो गया है। राज्य के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की मौजूदगी में बोर्ड के सभापति और माध्यमिक शिक्षा निदेशक मुकुल सती ने शनिवार सुबह 10 बजे रामनगर बोर्ड सभागार में 2026 के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम घोषित किए।
परीक्षाफल में छात्राएं आगे
हाईस्कूल का कुल परिणाम 92.10% रहा, जबकि इंटरमीडिएट में 85.11% रहा। हाईस्कूल में छात्राओं का पास प्रतिशत 96.07% और छात्रों का 88.03% रहा। इंटरमीडिएट में छात्राओं ने 88.09% और छात्रों ने 81.93% अंक प्राप्त किए।
टॉपर्स की सूची
हाईस्कूल में एनपी इंटर कालेज रामनगर के अक्षत गोपाल ने 98.2% अंक लेकर राज्य में पहला स्थान हासिल किया।
इंटरमीडिएट में सरस्वती विद्या मंदिर बागेश्वर की गीतिका पंत और भंगाराम अमर इंटर कालेज भुरापानी की सुशीला मेहदीरत्ता ने 98% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया।
ऋषिकेश के आर्यन सेकेंड टॉपर और हरिद्वार की वंशिका टॉपर हैं।
पौड़ी जिले की जनता इंटर कॉलेज पोखरीखेत की महक ने इंटरमीडिएट में 96% अंक लेकर प्रदेश में 7वां स्थान हासिल किया। उन्होंने पहले हाईस्कूल परीक्षा में भी 95.80% अंक प्राप्त कर प्रदेश में 19वां स्थान पाया था।
रिजल्ट देखने के लिए वेबसाइट
रिजल्ट डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले उत्तराखंड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट ubse.uk.gov.in पर जाएँ। वहां जाकर आप अपना हाईस्कूल या इंटरमीडिएट का रिजल्ट देख और डाउनलोड कर सकते हैं।

