जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार जनपद में परंपरागत रूप से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह से ही शहर एवं देहात क्षेत्र की प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजियों की भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने ईद की नमाज अदा कर देश-दुनिया में अमन, शांति, भाईचारे और खुशहाली की दुआएं मांगी।नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
पूरे जनपद में आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। कई स्थानों पर सामूहिक रूप से दुआएं की गईं और लोगों ने एकता व सद्भाव का संदेश दिया।त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। सुबह से ही सभी प्रमुख ईदगाहों, मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।
इस दौरान डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह स्वयं फील्ड में मौजूद रहे और उन्होंने जनपद के विभिन्न ईदगाहों एवं मस्जिदों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने, भीड़ प्रबंधन को मजबूत बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया कि नमाज के दौरान और उसके बाद यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
नमाज समाप्त होने के बाद पुलिस बल ने भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया।पूरे जनपद में पुलिस की लगातार गश्त, खुफिया तंत्र की सक्रियता और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के चलते पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। नमाज के बाद सभी ईदगाहों और मस्जिदों में सामूहिक दुआओं का आयोजन हुआ, जिसमें देश में अमन-चैन, भाईचारे और सौहार्द की कामना की गई।

