जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जारी भीषण गर्मी और नौतपा की तपन के बीच शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के कई जिलों में सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। राजधानी लखनऊ, अंबेडकरनगर समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को कूलर तक बंद करने पड़े।
हालांकि सुबह करीब नौ बजे तेज धूप निकलने से उमस और गर्मी ने फिर से लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई है।
31 मई तक बारिश और आंधी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 31 मई तक उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी चलने की संभावना है। कई जिलों में ओलावृष्टि को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
बारिश और तेज हवाओं के चलते प्रदेश के तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे अगले एक सप्ताह तक लोगों को लू और झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से बदल रहा मौसम
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 28 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नम हवाओं के कारण मौसम तेजी से बदल रहा है।
उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों की वजह से प्रदेश में व्यापक स्तर पर बारिश और तेज आंधी की स्थिति बन रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी आंधी
मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है।कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

